भोपाल/उज्जैन। एसीपी के घर हुई नकबजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों से करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए।

पुलिस ने आरोपियों को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश करते रहे और कभी इंदौर तो कभी दूसरे स्थानों पर चोरी का माल छिपाने की बात बताते रहे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा ने इंदौर में माल बेचने की कहानी बताई थी। जब पुलिस ने इसकी तस्दीक की तो कहानी गलत निकली। इसके बाद दोबारा पूछताछ में चोरी के माल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

राजस्थान से मिला सोना-चांदी का माल

जांच के दौरान राजस्थान के नागौर जिले के खेड़ा गांव से करीब 20 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। वहीं उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पीछे से करीब 10 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस इससे पहले भी करीब 25 लाख रुपये का माल बरामद कर चुकी थी। अब तक की कार्रवाई में करीब 400 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, 1.76 लाख रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार, आईफोन और अन्य कीमती मोबाइल समेत करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी का बाकी सामान कहां छिपाया गया है।