भोपाल। कटारा, स्वर्ण कुंज कॉलोनी क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर आयोजित बैठक में अवैध शराब, पानी, बिजली, सड़क और रोजगार समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक का आयोजन और लोगों को एकजुट करने की जिम्मेदारी नर्मदा प्रसाद विश्वकर्मा की ओर से की गई थी। वहीं बैठक में लोगों को संबोधित करते हुए महेंद्र वशिष्ठ और महेश मीणा ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

बैठक में क्षेत्र में अवैध शराब की समस्या पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। लोगों ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस-प्रशासन तक अपनी बात लगातार पहुंचाने की बात कही। बैठक में यह भी कहा गया कि कम से कम महीने में एक बार थाने जाकर क्षेत्र की समस्याओं को पुलिस के सामने रखा जाएगा। साथ ही, भविष्य में स्थानीय स्तर पर होने वाली बैठकों में पुलिस को भी बुलाकर लोगों की समस्याओं से सीधे अवगत कराने की बात कही गई।

लोगों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की बात भी रखी। महिलाओं को अपनी समस्याओं के लिए आगे आने और अपनी आवाज मजबूती से उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

महिलाओं के रोजगार पर भी हुई चर्चा

बैठक में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से काम उपलब्ध कराने और सिलाई सेंटर शुरू करने जैसे प्रस्तावों पर बात की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आगे योजना बनाने की बात कही।

पानी, बिजली और सड़क की समस्याएं भी उठीं

बैठक में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। लोगों ने नल से नियमित पानी की सप्लाई की मांग रखी। उनका कहना था कि एक दिन छोड़कर पानी आने के बजाय रोजाना पानी उपलब्ध कराया जाए, भले ही कुछ समय के लिए ही सप्लाई हो।

इसके अलावा खराब सड़कों, बिजली और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। लोगों ने इन समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन के सामने रखने की बात कही।

बैठक में मौजूद लोगों का फोकस एक तरफ अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाने और दूसरी तरफ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने तथा क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर कराने पर रहा।