मामला डायल-112 की व्हाट्सऐप सेवा से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे डायल-112 के नंबर पर मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला संदेश भेजा गया था। आरोपी ने संदेश को दो बार एडिट किया और बाद में डिलीट भी कर दिया। हालांकि, डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था।
साइबर जांच से मुंबई तक पहुंची पुलिस
धमकी भरे संदेश के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके मोबाइल फोन और पुराने संदेशों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग राज्यों में डायल-112 के माध्यम से इसी तरह के धमकी भरे संदेश भेजने की जानकारी की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
पिता को गिरफ्तार करवाने के लिए धमकी देने का दावा
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने मुख्यमंत्री को धमकी वाला संदेश अपने पिता को परेशान करने और उन्हें गिरफ्तार करवाने के उद्देश्य से भेजा था। पुलिस अब उसके इस दावे की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या कारण तो नहीं था।
फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल, पुराने संदेशों और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

आपकी राय