उज्जैन में शाही मस्जिद के साढ़े तीन फीट हिस्से को हटाने को लेकर उपजे विवाद के बीच मंगलवार को शहर में तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद कमेटी की सहमति से अब इस हिस्से को हटाने का काम किया जा रहा है। हालांकि, इसी बीच सोशल मीडिया पर मस्जिद को लेकर एडिट फोटो-वीडियो और भ्रामक पोस्ट तेजी से फैलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस-प्रशासन ने मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के क्षेत्र में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर नो-एंट्री जोन बनाया गया है। एहतियात के तौर पर इलाके के बाजार भी बंद रखे गए हैं। क्षेत्र में पुलिस और त्वरित कार्रवाई बल की तैनाती की गई है।
मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया के माध्यम से मस्जिद को लेकर एडिट किए गए फोटो-वीडियो और कथित तौर पर भ्रामक जानकारियां प्रसारित होने लगीं। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया।
इसी बीच मस्जिद के बाहर निर्माण कार्य भी चल रहा है। खबर के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6 बजे तक समाज के लोगों ने 35 से 40 फीट ऊंचा मचान तैयार कर दिया था। इस मचान को मस्जिद की मीनार के बराबर ऊंचाई का बनाया जा रहा है। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किए जाने की बात सामने आई है।
मस्जिद कमेटी की सहमति के बाद मस्जिद के साढ़े तीन फीट हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के आगे नहीं बढ़ाने की अपील की है। अधिकारियों की प्राथमिकता क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित रखना और किसी भी तरह की अफवाह के कारण माहौल बिगड़ने से रोकना है।
फिलहाल मस्जिद के आसपास 500 मीटर का क्षेत्र नो-एंट्री जोन बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध जारी है। प्रशासन की निगरानी में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आपकी राय