भोपाल: जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने जहांगीराबाद, बैरागढ़ और रायसेन रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब और बीयर जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को आबकारी टीम ने जहांगीराबाद क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने अवैध रूप से शराब ले जाते हुए नारायण को पकड़ा। उसके पास से 30 पाव विदेशी शराब बरामद की गई। इसके बाद खुजरी सड़क-बैरागढ़ क्षेत्र में एक किराना दुकान की जांच की गई, जहां से 90 पाव देशी शराब और 10 बोतल बीयर जब्त की गई।

इसके अलावा रायसेन रोड स्थित सांवरिया ग्रीन, पीपलधाम, खुशी और आयुष्मान होटल-ढाबों की भी जांच की गई। यहां अवैध रूप से शराब पिलाने या बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।

कार्रवाई के दौरान पेटल ढाबा और अन्य स्थानों से भी 3.75 ब्लैक लेबल विदेशी शराब तथा 2.75 ब्लैक बीयर जब्त की गई। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

विभाग की टीम ने बैरागढ़ और रायसेन रोड के होटल-रेस्टोरेंट तथा शराब दुकानों के आसपास भी जांच की। शराब पीने वाले संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई की गई और उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।

आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग द्वारा शराब की अवैध बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने जैसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।