अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मेद संघू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार शाम करीब 5:45 बजे लोहारका रोड स्थित एक वॉशिंग सेंटर के बाहर हुई। बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने मेद संघू पर तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मेद संघू वॉशिंग सेंटर के बाहर अपनी कार के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक से आए दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद मेद संघू को उनके साथ मौजूद दो युवतियों और वॉशिंग सेंटर के मालिक ने उठाकर सिटी के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मेद संघू को दो गोलियां लगी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
मृतक की पहचान मधु सूदन (29) निवासी ग्रीन सिटी, मानांवाला के रूप में बताई गई है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर उन्हें मेद संघू के नाम से जाना जाता था। वे सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर भी काम करते थे।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें गोल्डी ढिल्लों ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में नई पीढ़ी को गलत दिशा में जाने का आरोप लगाते हुए अन्य लोगों को भी धमकी दी गई। पुलिस अब इस दावे की सत्यता और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। वारदात के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

आपकी राय