भोपाल। गौतम नगर इलाके में प्रेम संबंध टूटने से नाराज एक बीएचएमएस डॉक्टर ने मंगलवार रात अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके भाई पर एयरगन से गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे श्वेता अपनी सहेली और कजिन आशुतोष ठाकुर के साथ खाना खाने के बाद लौट रही थी। श्वेता और आरोपी नवीन आमने-सामने की बिल्डिंग में रहते हैं। इसी दौरान नवीन वहां पहुंचा और श्वेता पर बातचीत का दबाव बनाने लगा। श्वेता अपने भाई आशुतोष व नवीन को अपने फ्लैट में ले गई। बातचीत के दौरान नवीन ने कमर से पिस्टल निकाली और श्वेता व आशुतोष पर गोली चला दी।

घटना में श्वेता और आशुतोष घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

वारदात के बाद नवीन ने अपने फ्लैट में जाकर फांसी लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने नवीन के फ्लैट से देसी पिस्टल और एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। नोट में आरोपी ने लिखा कि वह उसके बिना जी नहीं पा रहा था, इसलिए यह कदम उठाया।

एडिशनल डीसीपी जोन-04 संजीव कुमार पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि श्वेता ठाकुर मूलतः सूरत (गुजरात) की रहने वाली है, जबकि आरोपी नवीन राजगढ़ का निवासी है। दोनों ने बीएचएमएस किया है और पीजी भी कर रहे हैं।