भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1 किलो 143 ग्राम गांजा और बिना नंबर की एक एक्टिवा जब्त की है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान संदिग्ध आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक पिपलिया तिराहे पर संदिग्ध हालत में खड़ा है। उसके पास नीले रंग की बिना नंबर की एक्टिवा है और वाहन की डिग्गी में गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस की गाड़ी को देखकर संदिग्ध युवक सतर्क हो गया। पुलिस के मुताबिक उसने एक्टिवा वहीं सड़क किनारे छोड़ दी और अंधेरे का फायदा उठाते हुए कंजर बस्ती, करीब 16 एकड़ और आसपास के रिहायशी इलाकों की तरफ भाग निकला। पुलिस टीम ने रातभर संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 1 किलो 143 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसके संबंध में तकनीकी और अन्य जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त वाहन के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

आपकी राय