भोपाल के गांधीनगर इलाके में सड़क हादसे में घायल कॉलेज छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा शनिवार रात अपनी सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के सिर, गर्दन, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान मूल रूप से बिहार निवासी 19 वर्षीय सायमा शाहिद के रूप में हुई है। वह गांधीनगर स्थित रिलायबल सिटी हाईटेक सिटी में रहती थी और एक कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी।
बताया गया कि शनिवार रात सायमा अपनी सहेलियों के साथ अंगला पंजाब से पैदल घर लौट रही थी। वे बकरा मार्केट के पास झूलेलाल ट्रेडर्स और हाईटेक कॉलोनी के सामने पहुंची थीं। इसी दौरान गांधीनगर की तरफ से आ रही काले रंग की कार के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सायमा को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन इसके बाद कार लेकर वहां से फरार हो गया। घायल छात्रा को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, कार के नंबर के आधार पर वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी और चालक ने किस परिस्थिति में वाहन से नियंत्रण खोया। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आपकी राय