लखनऊ/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बुधवार तड़के पुलिस और एक हत्यारोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या के आरोपी अरविंद सिंह (42) को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस घटना में आरोपी के 9 वर्षीय बेटे की भी मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम नशे की हालत में घर लौटे अरविंद सिंह ने घर में पूजा का विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अरविंद ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से पत्नी बबीता और पुजारी महेंद्र पाठक व अखिलेश मिश्रा पर गोली चला दी, जिससे तीनों की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपने तीन बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया। पुलिस करीब सात घंटे तक उसे समझाने का प्रयास करती रही। इसी दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आने पर पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
पुलिस का दावा है कि अंदर घुसते ही अरविंद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गोली से उसके 9 वर्षीय बेटे शौर्य की भी मौत हुई थी। वहीं, उसकी दोनों बेटियों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
Purak News | स्वतंत्र डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म

आपकी राय