वडोदरा, 8 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में कहा कि भारत अब चिप से लेकर शिप तक निर्माण के क्षेत्र में नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि देश में पुर्जों से लेकर तैयार उत्पाद तक आत्मनिर्भरता की पूरी श्रृंखला विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की औद्योगिक क्षमता पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। उन्होंने रेलवे क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि 2014 के बाद देश में 50 हजार आधुनिक कोच बनाए गए हैं और करीब 2.5 लाख वैगन रेलवे नेटवर्क में जोड़े गए हैं। भारत अब रेल कोच, मेट्रो कोच और रेल इंजन के निर्माण में भी बड़ी क्षमता वाला देश बन चुका है। 

उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले सोलर परियोजनाओं के लिए पीवी मॉड्यूल और अन्य उपकरणों का बड़े स्तर पर आयात करना पड़ता था। अब देश में ही उत्पादन क्षमता विकसित हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का लक्ष्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ऐसी आपूर्ति श्रृंखला तैयार करना है, जिसमें आवश्यक पुर्जों से लेकर अंतिम उत्पाद तक का निर्माण देश में हो। उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, में दक्षता हासिल करने का भी आह्वान किया। 

वडोदरा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया।