नई दिल्ली। भारत और ASEAN देशों के बीच कृषि एवं वानिकी क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से 9वीं ASEAN-भारत मंत्रीस्तरीय बैठक का आयोजन नई दिल्ली में किया जा रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक में ASEAN सदस्य देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों के साथ भाग लिया।

बैठक में भारत और ASEAN देशों के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने, किसानों की समृद्धि बढ़ाने तथा क्षेत्रीय स्तर पर कृषि विकास को नई दिशा देने पर चर्चा की गई। भारत और ASEAN के बीच कृषि, खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग जारी है।

इस बैठक में टिकाऊ कृषि, डिजिटल कृषि, जलवायु-अनुकूल खेती, कृषि अनुसंधान एवं नवाचार, खाद्य और पोषण सुरक्षा, वानिकी तथा कृषि क्षेत्र में क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और ASEAN के बीच गहरी और दीर्घकालिक साझेदारी है। दोनों पक्षों का साझा उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देकर किसानों के लिए समृद्धि के नए अवसर तैयार करना है।

बैठक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में तकनीक और अनुसंधान के आदान-प्रदान, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने तथा मजबूत कृषि मूल्य श्रृंखला विकसित करने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।