भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार 11 और 12 सितंबर 2026 को इंदौर में ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ का आयोजन करने जा रही है। दो दिवसीय इस समिट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
समिट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्मार्ट, सुगम और सुरक्षित यात्री परिवहन व्यवस्था के लिए नई रणनीति तैयार करना है। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन से जोड़ने पर भी विशेष मंथन होगा।
PPP मॉडल से बदलेगा परिवहन का स्वरूप
सरकार का फोकस पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के माध्यम से प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर रहेगा। इस मॉडल के जरिए बस संचालन, परिवहन सेवाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा होगी।
समिट में परिवहन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, नीति निर्माता, निजी बस ऑपरेटर, तकनीकी कंपनियां और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। यहां भविष्य की परिवहन नीति, निवेश और नई तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
स्मार्ट और सुरक्षित परिवहन पर होगा मंथन
समिट में डिजिटल टिकटिंग, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम, फ्लीट मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, हाइड्रोजन आधारित परिवहन और स्मार्ट बस स्टॉप जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और तकनीक आधारित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना पर विशेष चर्चा
‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना को केंद्र में रखकर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में रोडमैप तैयार किया जाएगा।
यह समिट मध्य प्रदेश में भविष्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने और निवेश, तकनीक तथा निजी भागीदारी के जरिए परिवहन सेवाओं को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

आपकी राय