नई दिल्ली। टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। Google अब अंतरिक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए डेटा सेंटर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। कंपनी अपने Project Suncatcher के तहत अंतरिक्ष में AI कंप्यूटिंग सिस्टम विकसित करने की तैयारी कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना के तहत 1 अक्टूबर को SpaceX के Falcon-9 रॉकेट से फ्रिज के आकार का एक सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजे जाने की योजना है। इस सैटेलाइट में चार AI चिप्स लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष में AI से जुड़े कंप्यूटिंग सिस्टम की संभावनाओं को परखना बताया गया है।
धरती से 8 गुना ज्यादा सौर ऊर्जा का फायदा
Google की योजना के पीछे अंतरिक्ष में उपलब्ध सौर ऊर्जा एक महत्वपूर्ण कारण है। रिपोर्ट के अनुसार, अंतरिक्ष में पृथ्वी की तुलना में करीब 8 गुना अधिक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो सकती है। इससे भविष्य में बड़े पैमाने पर AI कंप्यूटिंग के लिए ऊर्जा की जरूरत पूरी करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
कंपनी इस प्रयोग के जरिए यह भी जांचना चाहती है कि अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट AI से जुड़े सवालों और कंप्यूटिंग कार्यों को कितनी प्रभावी तरीके से संभाल सकते हैं।
80 से ज्यादा सैटेलाइट का नेटवर्क बनाने की योजना
Google भविष्य में ऐसे 80 से अधिक सैटेलाइट का नेटवर्क तैयार करने की दिशा में काम करना चाहता है। हालांकि, अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाना तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण है। सैटेलाइट की ऊर्जा, संचार, तापमान और डेटा ट्रांसफर जैसी कई तकनीकी चुनौतियों का समाधान करना होगा।
अगर यह तकनीक सफल होती है तो भविष्य में AI कंप्यूटिंग के लिए अंतरिक्ष का इस्तेमाल एक नई दिशा खोल सकता है।

आपकी राय