भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर और कमला नगर इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के घर पहुंचकर विवाद किया और इस दौरान गोली चलाकर इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और कमला नगर क्षेत्र में उनका जुलूस भी निकाला।
जानकारी के मुताबिक टीटी नगर थाना क्षेत्र की प्रकाश कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय विशाल शर्मा डिलीवरी बॉय है। उसका संदीप अहिरवार के साथ पुराना विवाद चल रहा था। बताया गया है कि करीब तीन महीने पहले दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते बुधवार शाम करीब 6 बजे संदीप अहिरवार अपने साथियों राहुल निपुरे, नीलेश रजक, अंकुर रजक, अनिकेत खंडेलवाल और हिमांशु पवार के साथ विशाल के घर पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान विशाल और उसकी मां ने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर विशाल की मां ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद संदीप अहिरवार ने घर की ओर फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी। फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। टीटी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने गुरुवार को संदीप अहिरवार, राहुल निपुरे, नीलेश रजक, अंकुर रजक, अनिकेत खंडेलवाल और हिमांशु पवार को सुखी सेवनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बदमाश निगरानी सूची में भी शामिल हैं। विशाल की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद निकाला आरोपियों का जुलूस
छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कमला नगर इलाके में उनका जुलूस निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपी पैदल चलते नजर आए और उनके साथ पुलिस बल मौजूद रहा। जुलूस के जरिए पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके पास हथियार कहां से आया और फायरिंग की घटना के पीछे पूरी वजह क्या थी।

आपकी राय