भोपाल | बिलखिरिया। बिलखिरिया इलाके में 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। घटना में महिला का 8 माह का बच्चा भी झुलस गया। महिला के भाई ने उसके पति अशोक अहिरवार पर बहन को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस के अनुसार, मृतका ने आग लगने की वजह अगरबत्ती बताई थी। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूजा अहिरवार ने करीब दो साल पहले अशोक अहिरवार से लव मैरिज की थी। गुरुवार रात पूजा अपने बच्चे के साथ बिस्तर पर सो रही थी। कमरे में पास ही अगरबत्ती जल रही थी और केरोसिन का डिब्बा भी रखा था। इसी दौरान बिस्तर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से पूजा और उसका बच्चा झुलस गए।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात पूजा की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
भाई ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
पूजा के भाई ने अपने जीजा अशोक अहिरवार पर बहन को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। भाई का आरोप है कि अशोक शराब के नशे में पूजा को प्रताड़ित करता था। दूसरी ओर, पुलिस के मुताबिक पूजा ने आग लगने की वजह अगरबत्ती से आग लगना बताई थी।
फिलहाल पुलिस ने मामले में सामने आए दोनों पक्षों की जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आग कैसे लगी और घटना के पीछे वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं, इसका पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आपकी राय