भोपाल। शहर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इनमें एक युवक की मौत उसके पिता के निधन वाले दिन हुए सड़क हादसे में घायल होने के आठ दिन बाद हुई। वहीं, अन्य दो घटनाओं में भी सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया।
पिता की मौत के दिन हादसे में घायल हुआ बेटा
बिलखिरिया थाना क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय मजदूर मुलीयधर चौधरी के पिता का 6 सितंबर को ग्राम मिडवास, बांडा, सागर में निधन हो गया था। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद मुलीयधर बाइक से सागर के लिए निकला था।
रास्ते में बिलखिरिया गांव के पास सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से उसे भोपाल लाया गया और रायसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे हमीदिया रेफर किया गया।
करीब आठ दिन तक इलाज चलने के बाद सोमवार को मुलीयधर की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रक में फंसा बाइक सवार, कई मीटर तक घसीटा
दूसरे हादसे में सर्वधर्म कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय योगेश महतो की मौत हो गई। वह 20 अगस्त को कॉलेज से लौट रहा था। बायपास क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद योगेश बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और कई मीटर तक घिसटता चला गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को वाहन ने मारी टक्कर
तीसरी घटना पिपलानी थाना क्षेत्र की बताई गई है। पुलिस के अनुसार सागर निवासी 62 वर्षीय मुकेश कुमार जैन प्रॉपर्टी डीलर थे। 23 अगस्त को वे दोस्तों के साथ कार से भोपाल आए थे।
रात में सागर लौटते समय पिपलिया चौराहे के पास सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लगातार सामने आए इन हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस तीनों मामलों में हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

आपकी राय