भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में पुरानी मारपीट का विवाद एक बार फिर हिंसक रूप ले गया। मॉडल ग्राउंड के पास दो युवकों ने 19 वर्षीय ऑटो चालक चंद्रभान बंसल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में तीन बार चाकू मारा गया। गंभीर रूप से घायल चंद्रभान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, चंद्रभान मदर इंडिया कॉलोनी में रहता है। बताया गया है कि कुछ समय पहले उसका मोहम्मद रेहान और आमिर पटेल के भाई के साथ विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार शाम मॉडल ग्राउंड के पास चंद्रभान और रेहान साथ जा रहे थे। इसी दौरान आमिर पटेल और उसका साथी आमिर खट ने बाइक रोककर दोनों के साथ बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चंद्रभान के साथ भी मारपीट की। विरोध करने पर आमिर खट ने चंद्रभान पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रेहान मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल चंद्रभान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

इसी तरह पिपलानी इलाके में भी विवाद के दौरान चाकूबाजी की एक अन्य घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, 50 क्वार्टर निवासी 20 वर्षीय अरुण वर्मा हमीदपुर में काम करता है। वह अपने साथी के साथ जा रहा था। इसी दौरान प्रांउड रेजिडेंसी के पास 17 वर्षीय नाबालिग ने उसे रोका। तेज चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और नाबालिग ने अरुण पर चाकू से हमला कर दिया।

इस घटना में भी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं में पुराने विवाद, मामूली कहासुनी और मारपीट के बाद हिंसा बढ़ने की स्थिति सामने आ रही है।