भोपाल। शुक्रवार को भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की 351 बसों को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुबह से ही भेल क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गोविंदपुरा टर्निंग से करियर कॉलेज, सुभाष चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस ने इस दौरान जरूरत के अनुसार वाहनों को डायवर्ट करने की व्यवस्था की है।

इन बसों के बदले जाएंगे रूट

होषंगाबाद-जबलपुर की बसें 11 मील से होकर जाएंगी। सागर-छतरपुर की बसें पटेल नगर बायपास से होते हुए आईएसबीटी पहुंचेंगी। इंदौर-उज्जैन की बसें हलालपुर तक आएंगी, जबकि गुना-राजगढ़ की बसें मुबारकपुर बायपास से होकर हलालपुर पहुंचेंगी।

बाहरी क्षेत्रों से कार्यक्रम में आने वाली बसों को भेल गेट नंबर-6 पर यात्रियों को उतारकर जंबूरी मैदान में पार्क कराया जाएगा। शहर की करीब 125 बसों के लिए अलग ड्रॉप-पार्किंग व्यवस्था की गई है।

एमपी नगर जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

अवधपुरी से एमपी नगर की ओर जाने वाले वाहन सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स होकर आगे जा सकेंगे। वहीं महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से भेल दशहरा मैदान की ओर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ट्रैफिक अमला प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे।

Purak News | स्वतंत्र डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म