Ad Code

Responsive Advertisement

भोपाल के कटारा हिल्स स्थित स्वर्ण कुंज कॉलोनी में सड़क बनी दलदल, रहवासियों ने कीचड़ में धान लगाकर किया अनोखा विरोध प्रदर्शन

 भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तेजी से विकसित हो रहे कटारा हिल्स स्थित स्वर्ण कुंज (अमलतास) क्षेत्र में एक ओर आलीशान काॅलोनियां और बहुमंजिला इमारतें लगातार बन रही हैं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की मुख्य सड़के बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। लगातार हो रही बारिश के बाद कई सड़कें कीचड़ और जलभराव से भर गई हैं। जिससे स्थानीय रहवासियों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। 

सड़कों की खराब हालत को लेकर 26 जुलाई दिन रविवार को क्षेत्र के रहवासियों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कीचड़ में धान के पौधे लगाकर नगर निगम का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है की सड़कों पर इतना अधिक कीचड़ और फिसलन है की दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरने से बचते हैं, स्कूली बच्चों को लेकर आने जाने वाली स्कूली वैन भी कई स्थानों पर फिसल रही है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है, वही रोजाना नौकरी, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

रहवासियों का आरोप है की बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल चुकी है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है की वर्षों से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जबकि क्षेत्र में लगातार आबादी बढ़ रही है और बड़ी संख्या में परिवार यहां निवास कर रहे हैं, समस्या से नाराज रहवासियों ने स्थानीय मीडिया की मौजूदगी में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की गई और खराब सड़क व्यवस्था के विरोध में प्रतिकारात्मक रूप से कीचड़ में धान के पौधे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है की यदि सड़क की हालात खेत जैसी हो गई हैं, तो फिर उसी में खेती कर ली जाए, इस अनोखे विरोध ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान भी अपनी ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है की खराब सड़कों के कारण बरसात के मौसम में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया की बारिश के दौरान एम्बुलेंस व अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी आवागमन में कठिनाई हो सकती है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है। 

रहवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार किया जाए। उनका कहना है की यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। 

कटरा हिल्स भोपाल का तेजी से विकसित हो रहा आवासीय क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों का कहना है की जिस क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग निवास कर रहे हो, वहां सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का बेहतर होना आवश्यक है। लोगों को उम्मीद है की संबंधित विभाग इस समस्या का शीघ्र समाधान करेगा ताकि बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ